Support Anna, Support India.
Featured Posts

Tuesday, 9 August 2011

समर्थन में उमड़ी मुंबई: अन्‍ना ने भरी हुंकार- गोली खाएंगे, पीछे नहीं हटेंगे

अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन के दूसरा चरण का बिगुल आज मुंबई से फूंक दिया। मुंबई के ऐतिहासिक आज़ाद मैदान में हजारों की तादाद में लोग अन्ना के समर्थन में जुटे। वहां जनसभा करने के बाद गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्‍ना हजारे ने मुंबई प्रेस क्लब में एक बैठक में योग गुरु बाबा रामदेव पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा, 'तुमको (सरकार को) लाठी चलानी है तो चलाओ। गोली चलानी है तो चलाओ। जब तक प्राण हैं, हम लाठी खाएंगे, गोली खाएंगे।' इस दौरान हजारे ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने किरण बेदी से बात की है। पुलिस का कहना है कि तीन दिन के अनशन की इजाजत मिल सकती है। पुलिस इस दौरान रोज स्थिति की समीक्षा करेगी।

मंगलवार सुबह 8.30 बजे दादर (पूर्व) में मौजूद स्वामीनारायण मंदिर से 500 कार-बाइकों पर करीब 2000 अन्‍ना समर्थकों ने रैली निकाली। अन्ना हजारे ने इस रैली को झंडा दिखाकर रवाना किया। रास्ते में समर्थकों ने एचआर, केसी कॉलेज और मुंबई विश्वविद्यालय के फोर्ट कैंपस के पास रुके और छात्रों से अन्ना के आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की।
मुंबई के मशहूर डब्बावाले और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने 10 किलोमीटर लंबी रैली की। रैली के दौरान अन्ना के समर्थकों ने जन लोकपाल बिल के समर्थन में नारे लगाए। उन्होंने अन्ना को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया और सरकारी लोकपाल बिल पर असंतोष जताया। रात में अन्ना हजारे के नेतृत्व में एक मशाल रैली निकाली जाएगी। इस आंदोलन की आयोजक इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) ने छह दिन पहले ही मुंबई में कॉल सेंटर स्थापित कर दिया है। आईएसी का कहना है कि आंदोलन के बारे में जानने के लिए उनके पास अब तक हजारों कॉल आ चुकी हैं।

अन्ना ने 9 अगस्‍त का दिन इसीलिए चुना, क्‍योंकि इसी दिन महात्‍मा गांधी ने अंग्रेजों, भारत छोड़ो का नारा दिया था और भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी। आज से 15 अगस्‍त तक रोज गांव-गांव में प्रभात फेरियां निकाल कर जन लोकपाल के लिए मुहिम चलाने की अन्‍ना की योजना है। संसद में कमजोर लोकपाल बिल पेश किए जाने के खिलाफ और मजबूत लोकपाल के समर्थन में 16 अगस्‍त से अन्ना हजारे का अनशन शुरू होगा।
बुराड़ी में अनशन के लिए टीम अन्ना तैयार नहीं मजबूत लोकपाल के लिए गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे और उनके साथी बुराड़ी में अनशन के लिए तैयार नहीं हैं। सोमवार को टीम अन्ना ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बीके गुप्ता से मुलाकात कर रामलीला मैदान और जंतर-मंतर से तीन किलोमीटर की परिधि में कहीं भी अनशन करने की अनुमति देने का आग्रह किया और साथ ही बुराड़ी में अनशन न करने की बात कही। एमसीडी ने रामलीला मैदान में आंदोलन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दी है। जनलोकपाल बिल के लिए आंदोलन कर रहे गांधीवादी अन्ना हजारे के 16 अगस्त से अनशन पर बैठेंगे। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वह सभी वैकल्पिक व संभावित स्थलों के संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर दो दिन के भीतर जवाब देंगे।

इस बीच खुफिया एजेंसियां ने चेतावनी दी है कि सरकार अन्‍ना हजारे के आंदोलन को गंभीरता से ले नहीं तो उसे हालात पर काबू पाना मुश्किल हो जाएगा।

Digg Google Bookmarks reddit Mixx StumbleUpon Technorati Yahoo! Buzz DesignFloat Delicious BlinkList Furl

0 comments: on "समर्थन में उमड़ी मुंबई: अन्‍ना ने भरी हुंकार- गोली खाएंगे, पीछे नहीं हटेंगे"

Post a Comment