Support Anna, Support India.
Featured Posts

Tuesday, 23 August 2011

पहले दौर में नहीं बनी बात: एक बात मानी, 3 मुद्दों पर मतभेद

अन्‍ना हजारे के अनशन के आठवें दिन सरकार को बातचीत के लिए तैयार होना ही पड़ा। मंगलवार को दिन भर की हलचल के बाद शाम को सरकार ने बातचीत के लिए प्रणब मुखर्जी को आगे किया। देर शाम उनकी टीम अन्‍ना से बातचीत शुरू हुई। करीब ढाई घंटे की बैठक के बाद बाहर निकलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने मीडिया को बताया कि सरकार ने वक्‍त मांगा है। उन्‍हें सवेरे 10 बजे तक का वक्‍त चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि सभी मुद्दों पर बातचीत हुई। तीन मुद्दों पर सरकार ने कहा कि उसे सोचना पड़ेगा, जबकि न्‍यायपालिका की जवाबदेही तय करने के लिए बिल को लोकपाल के साथ ही पारित कराने पर सरकार राजी है। उन्‍होंने कहा कि बातचीत का माहौल और इस दौरान सरकार का रुख सकारात्‍मक था।

केजरीवाल ने बताया कि बातचीत अच्‍छी रही, लेकिन कोई वादा नहीं मिला है। उन्‍होंने कहा कि संभवत: प्रधानमंत्री से बातचीत के बाद प्रणब मुखर्जी हमसे बातचीत आगे बढ़ाएं। अभी एक-दो दौर की बातचीत और हो सकती है। उन्‍होंने बताया कि सरकार की ओर से मुखर्जी ने अन्‍ना से अनशन तोड़ने की अपील की। हम उनकी अपील अन्‍ना तक पहुंचा देंगे।

केजरीवाल के साथ गए प्रशांत भूषण ने कहा कि बातचीत अच्‍छी रही। पर ठोस नतीजे का इंतजार। उन्‍होंने कहा कि ठोस नतीजा आने तक जारी रहेगा अन्‍ना का अनशन। सलमान खुर्शीद ने भी बताया कि बातचीत सकारात्‍मक रही और कल फिर बातचीत होगी।

मंगलवार को पूरे दिन सरकार में जबरदस्‍त हलचल रही। दिन भर बैठकों का दौर जारी रहा। प्रधानमंत्री ने अपने वरिष्‍ठ सहयोगियों प्रणब मुखर्जी और एके एंटनी से भी अन्‍ना के आंदोलन को शांत करने के तौर तरीकों पर चर्चा की। बुधवार दोपहर उन्‍होंने सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है। इस सर्वदलीय बैठक में कपिल सिब्‍बल शामिल नहीं होंगे।

बातचीत की पहल काफी पहले से हो रही थी। मंगलवार दोपहर में टीम अन्‍ना ने पहली बार माना था कि पर्दे के पर्दे के पीछे सरकार से बात चल रही है। अन्‍ना हजारे के आंदोलन में सहयोगी स्‍वामी अग्निवेश ने कहा कि सरकार से अनौपचारिक बातचीत चल रही है और वह चाहती है कि मामले का हल निकले। तमाम मंत्री हमारे संपर्क में हैं। पर आंदोलन अनिश्चित काल तक जारी रहेगा। इसके कुछ ही देर बाद स्‍पष्‍ट हुआ कि सरकार ने अपनी ओर से केंद्रीय वित्‍त मंत्री प्रणब मुखर्जी को वार्ताकार नियुक्‍त करते हुए टीम अन्‍ना को वार्ताकार नियुक्‍त करने के लिए कहा है। इससे पहले अरविंद केजरीवाल और सलमान खुर्शीद के बीच करीब आधे घंटे बातचीत हुई। इस बातचीत की मध्‍यस्‍थता कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित ने की। इस बैठक के बाद खुर्शीद ने बयान दिया कि बातचीत अन्‍ना का आंदोलन समझने के लिए थी।
इससे पहले अलग-अलग कई बैठकें हुईं। प्रधानमंत्री और राहुल गांधी ने दो बार बैठक की। कपिल सिब्‍बल ने भय्यू महाराज से अलग से बातचीत की। अन्‍ना के अनशन के आठवें दिन, मंगलवार को सरकार में पूरी हलचल रही और किसी तरह गतिरोध तोड़ने की कोशिश लगातार चलती रही।

दिल्‍ली की हर हलचल की जानकारी अमेरिका में सोनिया गांधी को भी दी जा रही है। कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया ऑपरेशन के बाद अमेरिका में स्‍वास्‍थ्‍य लाभ कर रही हैं। खबर है कि वह अगले हफ्ते भारत लौट सकती हैं।

Digg Google Bookmarks reddit Mixx StumbleUpon Technorati Yahoo! Buzz DesignFloat Delicious BlinkList Furl

0 comments: on "पहले दौर में नहीं बनी बात: एक बात मानी, 3 मुद्दों पर मतभेद"

Post a Comment